मनुष्य सबसे अधिक विकसित प्राणी हैं। उन्हें स्पष्ट रूप से प्रतिबिम्बित चेतना प्राप्त है, और यही उन्हें पशुओं से श्रेष्ठ बनाती है।
मनुष्य सबसे अधिक विकसित प्राणी हैं। उन्हें स्पष्ट रूप से प्रतिबिम्बित चेतना प्राप्त है, और यही उन्हें पशुओं से श्रेष्ठ बनाती है। किसी और प्राणी में चेतना का इतना स्पष्ट प्रतिबिम्ब नहीं है। मनुष्य अपनी चेतना की सहायता से अच्छे और बुरे में भेद कर सकते हैं, और संकट में पड़ने पर उसी की सहायता से बाहर निकलने का रास्ता खोज सकते हैं। कोई भी दुःख और कष्ट में जीना नहीं चाहता, और मनुष्य तो बिल्कुल नहीं, जिनकी चेतना राहत के उपाय ढूँढ सकती है। दुःख और कष्ट से रहित जीवन सुख और आनन्द का जीवन है, और लोग यही चाहते हैं। हर कोई सुख की खोज में है; सच तो यह है कि सुख की खोज करना मनुष्य का स्वभाव ही है। अब देखें कि उसे पाने के लिए मनुष्य क्या करता है, और क्या उन साधनों से वह मिलता भी है।
सुख की खोज में लोग सबसे पहले भौतिक भोगों की ओर खिंचते हैं। वे धन जुटाते हैं, और सुख की अपनी चाह को पूरा करने के लिए सत्ता और पद पाने की कोशिश करते हैं। जिसके पास सौ रुपये हैं, वह उनसे सन्तुष्ट नहीं होता, वह हज़ार रुपये के लिए जूझता है, पर हज़ारों रुपये होने पर भी सन्तोष नहीं मिलता। उसे दस लाख चाहिए, और फिर और। फिर देखा जाता है कि जिसका किसी ज़िले में प्रभाव है, वह उसे पूरे प्रान्त में फैलाना चाहता है, प्रान्त के नेता राष्ट्रीय नेता बनना चाहते हैं, और जब वह हो जाता है तो विश्व का नेता बनने की इच्छा सिर उठाती है। केवल धन, सत्ता और पद पा लेने से मनुष्य को सन्तोष नहीं होता। किसी सीमित वस्तु को पाने से और पाने की चाह ही पैदा होती है, और सुख की खोज का कोई अन्त नहीं मिलता। पाने की भूख कभी समाप्त नहीं होती। वह असीम है, अनन्त है।
उपलब्धि कितनी ही प्रतिष्ठित या ऊँची क्यों न हो, वह सुख की मनुष्य की असीम खोज को शान्त नहीं कर पाती। जो धन के पीछे भागते हैं, उन्हें तब तक सन्तोष नहीं होगा जब तक उन्हें असीम धन न मिल जाए। सत्ता, पद और प्रतिष्ठा चाहने वाला भी तब तक सन्तुष्ट नहीं होगा जब तक उसे ये असीम मात्रा में न मिल जाएँ, क्योंकि ये सब संसार की वस्तुएँ हैं। संसार स्वयं सीमित है और अनन्त वस्तुएँ नहीं दे सकता। इसलिए स्वाभाविक है कि सबसे बड़ी सांसारिक प्राप्ति, चाहे वह पूरी पृथ्वी ही क्यों न हो, कोई अनन्त और स्थायी चीज़ नहीं दे सकती। तब वह अनन्त, शाश्वत वस्तु क्या है जो चिरस्थायी सुख देगी?
केवल ब्रह्माण्डीय सत्ता (Cosmic Entity) ही अनन्त और शाश्वत है। केवल वही असीम है। और सुख के लिए मनुष्य की शाश्वत तड़प अनन्त के साक्षात्कार से ही बुझ सकती है। सांसारिक सम्पत्ति, सत्ता और पद की क्षणभंगुरता से केवल यही निष्कर्ष निकलता है कि सीमित संसार की कोई भी वस्तु सुख की चिरन्तन प्यास को शान्त नहीं कर सकती। उन्हें पाने से तो केवल और चाह जन्म लेती है। यह काम केवल अनन्त का साक्षात्कार कर सकता है। अनन्त एक ही हो सकता है, और वह ब्रह्माण्डीय सत्ता है।
इसलिए चिरस्थायी सुख केवल ब्रह्माण्डीय सत्ता ही दे सकती है — जिसकी खोज हर मनुष्य की विशेषता है। वास्तव में मनुष्य की इस तड़प के पीछे ब्रह्माण्डीय सत्ता को पाने की इच्छा, उसकी लालसा छिपी है। यह हर जीव का मूल स्वभाव है। यही हर व्यक्ति का धर्म (किसी वस्तु का अपना स्वभाव; मनुष्य के लिए अनन्त की चाह और उस तक पहुँचने का प्रयास।) है।
धर्म शब्द का अर्थ “गुण” है। इसके लिए अंग्रेज़ी शब्द हैं “nature” (स्वभाव), “characteristic” (विशेषता) या “property” (गुण)। आग का स्वभाव जलाना या ताप पैदा करना है। यह आग की विशेषता या गुण है और इसे आग का स्वभाव भी कहा जाता है। उसी तरह मनुष्य का धर्म, अर्थात् स्वभाव, ब्रह्माण्डीय सत्ता को खोजना है।
मनुष्य में दिव्यता कितनी है, यह उसकी स्पष्ट रूप से प्रतिबिम्बित चेतना से पता चलता है। पशुओं से विकसित होकर आए हर मनुष्य के इसलिए दो पक्ष हैं — पशु-पक्ष, और चेतन पक्ष, जो मनुष्य को पशुओं से अलग करता है। पशुओं में मुख्यतः पशुता दिखती है, जबकि मनुष्य में भली-भाँति प्रतिबिम्बित चेतना के कारण विवेकशीलता भी होती है। मनुष्य की पशुता उसे पशु-जीवन या भौतिक भोग की ओर झुकाती है। उसके प्रभाव में वे खाने-पीने और दूसरी शारीरिक इच्छाओं की तृप्ति की ओर देखते हैं। अपनी पशुता के प्रभाव से वे इनकी ओर खिंचते हैं और इनके पीछे दौड़ते हैं, पर इनसे उन्हें सुख नहीं मिलता, क्योंकि सुख के लिए उनकी तड़प अनन्त है। पशु इन सीमित भोगों से सन्तुष्ट हो जाते हैं, क्योंकि उनकी चाह अनन्त नहीं है। किसी पशु के सामने चाहे कितनी भी वस्तुएँ रख दी जाएँ, वह उतनी ही लेगा जितनी उसे चाहिए और बाकी की परवाह नहीं करेगा। पर मनुष्य ऐसी स्थिति में निश्चित ही अलग व्यवहार करेंगे। इससे यही सिद्ध होता है कि पशु सीमित से सन्तुष्ट हो जाते हैं, जबकि मनुष्य की इच्छा असीम है, हालाँकि दोनों में भोग की इच्छा जीवन के पशु-पक्ष से ही प्रेरित और संचालित होती है। दोनों में अन्तर इसलिए है कि मनुष्य को स्पष्ट रूप से प्रतिबिम्बित चेतना प्राप्त है, जो पशुओं में नहीं है। परम सुख की मनुष्य की अनन्त तड़प केवल उसकी चेतना के कारण है। यह चेतना ही है जो अधिकार, सत्ता और पद के शारीरिक सुख से सन्तुष्ट नहीं होती — ऐसी चीज़ों से, जो विशाल होने पर भी क्षणिक ही हैं। यह उनकी चेतना ही है जो मनुष्य में ब्रह्माण्डीय सत्ता की लालसा जगाती है।
संसार की वस्तुएँ — शारीरिक भोग — मनुष्य के हृदय की सुख की प्यास नहीं बुझातीं। फिर भी हम देखते हैं कि लोग उनकी ओर खिंचते हैं। मनुष्य की पशुता उसे पशु-इच्छाओं की तृप्ति की ओर खींचती है, पर उसकी चेतना की विवेकशीलता अतृप्त रहती है, क्योंकि ये सब क्षणिक और अल्पजीवी हैं। ये मानव चेतना की अन्तहीन और असीम भूख को शान्त करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। इस तरह मनुष्य में उसकी पशुता और विवेकशीलता के बीच निरन्तर द्वन्द्व चलता रहता है। पशु-पक्ष उसे तात्कालिक सांसारिक सुखों की ओर खींचता है, जबकि उसकी चेतना, इनसे सन्तुष्ट न होकर, उसे ब्रह्माण्डीय सत्ता — अनन्त — की ओर खींचती है। इसी से पशु-पक्ष और चेतना के बीच संघर्ष होता है। यदि सत्ता और पद से मिलने वाले शारीरिक सुख अनन्त और अन्तहीन होते, तो वे चेतना की सुख के लिए शाश्वत खोज को शान्त कर देते। पर वे ऐसा नहीं करते, और इसीलिए क्षणिक सुखों का नश्वर वैभव मनुष्य के मन में कभी स्थायी शान्ति नहीं ला सकता और उसे परमानन्द तक नहीं पहुँचा सकता।
केवल भली-भाँति प्रतिबिम्बित चेतना ही मनुष्य को पशुओं से अलग करती है। तो क्या मनुष्य के लिए अपनी चेतना का उपयोग करना अनिवार्य नहीं है? यदि उनकी चेतना पशुता के पीछे सोई पड़ी रहे, तो वे पशुओं जैसा ही व्यवहार करेंगे। वे तो पशुओं से भी बदतर हो जाते हैं, क्योंकि भली-भाँति प्रतिबिम्बित चेतना पाकर भी वे उसका उपयोग नहीं करते। ऐसे लोग मनुष्य कहलाने के योग्य नहीं हैं। वे मनुष्य के रूप में पशु हैं।
चेतना का स्वभाव अनन्त की खोज करना, अर्थात् ब्रह्माण्डीय सत्ता का साक्षात्कार करना है। जो लोग अपनी चेतना का उपयोग करते हैं और उसके निर्देशों पर चलते हैं, केवल वही मनुष्य कहलाने के योग्य हैं। इसलिए हर व्यक्ति अपनी प्रतिबिम्बित चेतना का पूरा उपयोग करके मनुष्य कहलाने का अधिकार अर्जित करता है, और पाता है कि उसका धर्म, अर्थात् स्वभाव, केवल अनन्त या ब्रह्माण्डीय सत्ता की खोज है। अनन्त की यह लालसा ही वह सहज गुण, वह धर्म है जो मनुष्य की मानवीय स्थिति की पहचान है।
सुख वही पाने से मिलता है जो कोई चाहता है। जो चाहा, वह न मिले तो कोई सुखी नहीं हो सकता। वह उदास और दुखी हो जाता है। मनुष्य की स्पष्ट रूप से प्रतिबिम्बित चेतना, जो अकेली उसे पशुओं से अलग करती है, ब्रह्माण्डीय सत्ता या अनन्त को खोजती है। और इसलिए मनुष्य को वास्तविक सुख तभी मिलता है जब वह ब्रह्माण्डीय सत्ता को पा सके या उसे पाने की प्रक्रिया में लग जाए। चेतना सांसारिक सुख नहीं चाहती, क्योंकि वे सीमित हैं और उनमें से कोई भी उसे सन्तुष्ट नहीं करता। हम इस निष्कर्ष पर पहुँचते हैं कि मानवता का धर्म अनन्त या ब्रह्माण्डीय सत्ता का साक्षात्कार करना है। इसी धर्म के द्वारा मनुष्य शाश्वत सुख और आनन्द का भोग कर सकते हैं।
